BREAKING

10/recent/ticker-posts

Auraiya : अछल्दा में जाम से निजात दिलाने की कवायद तेज , 73.42 करोड़ से होगा ओवरब्रिज निर्माण


अछल्दा (औरैया)। कस्बे में आए दिन लगने वाले भीषण जाम की समस्या से जल्द ही लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। प्रदेश सरकार के पूर्व राज्य मंत्री लाखन सिंह ने इस दिशा में पहल करते हुए बुधवार को सेतु निगम के चीफ इंजीनियर से मुलाकात की और ओवरब्रिज निर्माण के संबंध में विस्तार से चर्चा की।

पूर्व मंत्री ने बताया कि अछल्दा में ओवरब्रिज निर्माण से जुड़े प्रस्ताव की फाइल प्रमुख सचिव के पास पहुंच गई है। इसके लिए 73.42 करोड़ रुपए का फाइनेंस पत्र भी भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी बातचीत हुई है, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
लाखन सिंह ने कहा कि सेतु निगम से वार्ता पूरी हो चुकी है और अब उम्मीद है कि अछल्दा में ओवरब्रिज निर्माण कार्य की प्रक्रिया जल्द ही शुरू हो जाएगी। ओवरब्रिज बनने से कस्बे में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या खत्म होगी और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

स्थानीय व्यापारी व राहगीरों का कहना है कि ओवरब्रिज का निर्माण लंबे समय से उनकी मांग रही है। अगर यह परियोजना अमल में आती है तो अछल्दा ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्र के लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

पूर्व राज्य मंत्री ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी

अछल्दा में पूर्व चेयरमैन के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अछल्दा में आए दिन जाम की समस्या लोगों को परेशान करती है। इस समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए बाईपास का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा रेलवे क्रॉसिंग पर फुट ओवरब्रिज बनने से पैदल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

लाखन सिंह ने बताया कि दोनों ही परियोजनाओं को शासन स्तर पर हरी झंडी मिल चुकी है और बहुत जल्द कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनता को सुविधाएं उपलब्ध कराना ही उनकी प्राथमिकता है।

Post a Comment

0 Comments

close