अछल्दा (औरैया)। गुरुवार की शाम कस्बे के हरीगंज बाजार में उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र कुमार और एसडीएम गरिमा सोनकिया, लेखपाल सतेंद्र यादव, प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह पुलिस बल के साथ अचानक निरीक्षण पर पहुंचे।
जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र कुमार की टीम ने खाद की दुकानों की गहन जांच की। इस दौरान हाकिम सिंह के घर में रखी 18 बोरी खाद को सीज कर दिया गया। वहीं महेवा रोड स्थित एक गोदाम में भारी मात्रा में चीनी का स्टॉक मिलने पर उसे भी सील कर दिया गया।
आदर्श इंटर कॉलेज परिसर में बनी दुकान कुलदीप यादव की खाद की दुकान बन्द मिली जिससे बन्द दुकान को को प्रशासन ने सीज कर दिया। छापेमारी के दौरान कई खाद व्यापारी दुकानें बंद कर मौके से भाग खड़े हुए। इस बीच चीनी व्यापारी जिलाधिकारी को बिल दिखाते रहे, लेकिन डीएम ने उनकी दलीलें न मानते हुए कार्रवाई जारी रखी।
व्यापारी नीतू यादव ने बताया कि गोदाम में बड़ी मात्रा में चीनी रखी हुई है। फिलहाल जिलाधिकारी ने कस्बे की तीन दुकानों को सीज करने के आदेश दिए।
इसी दौरान स्थानीय निवासी लाल सिंह यादव ने डीएम को अवगत कराया कि बाजार में नकली खाद की बिक्री भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्होंने बझेरा पंडित जी खाद की दुकान से खाद खरीदी थी, जो नकली निकली। इस शिकायत पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक जांच करने के निर्देश दिए।
प्रशासन की इस कार्रवाई से पूरे कस्बे में हड़कंप मचा हुआ है और खाद-चीनी व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
0 Comments