अछल्दा (औरैया)। अछल्दा की सामाजिक संस्था एकलव्य वेलफेयर सोसाइटी ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में अछल्दा रेलवे स्टेशन पर महनंदा एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस तथा गोविंदपुरी-अलीगढ़ फास्ट मेमू सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई है।
संस्था की ओर से भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि अछल्दा नगर पंचायत जनसंख्या और क्षेत्रफल की दृष्टि से जनपद औरैया का एक प्रमुख कस्बा है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, रोजगार, व्यापार एवं अन्य कार्यों के लिए विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं। अछल्दा रेलवे स्टेशन क्षेत्र के लोगों के लिए रेल आवागमन का सबसे महत्वपूर्ण साधन है, लेकिन कई प्रमुख ट्रेनों का ठहराव न होने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि कोरोना काल से पूर्व महनंदा एक्सप्रेस का अछल्दा रेलवे स्टेशन पर ठहराव था, जिसे रेलवे प्रशासन द्वारा बंद कर दिया गया। इससे यात्रियों को काफी परेशानी होने लगी है। संस्था ने महनंदा एक्सप्रेस का ठहराव पुनः बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि इससे हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
इसके अलावा 12420/12419 गोमती एक्सप्रेस, 15743/15733 एवं 15744/15734 फरक्का एक्सप्रेस तथा 64703/64704 गोविंदपुरी-अलीगढ़ फास्ट मेमू का अछल्दा स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित किए जाने की भी मांग की गई है। संस्था का कहना है कि इन ट्रेनों के रुकने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि रेलवे के यात्री राजस्व में भी वृद्धि होगी।
एकलव्य वेलफेयर सोसाइटी ने रेल मंत्री से जनहित को देखते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। संस्था ने कहा कि यदि इन ट्रेनों का ठहराव अछल्दा स्टेशन पर स्वीकृत होता है तो क्षेत्र के हजारों नागरिकों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी और उनका समय एवं धन दोनों बचेंगे।
सोसाइटी पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि रेल मंत्रालय क्षेत्र की जनता की इस महत्वपूर्ण मांग पर गंभीरता से विचार करेगा और जल्द ही अछल्दा रेलवे स्टेशन को आवश्यक रेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
0 Comments