औरैया। जनपद के अजीतमल क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय महिला की ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी।
बताया जा रहा है कि सड़क पर चल रहे दो ट्रैक्टरों के ओवरटेक करने के दौरान महिला संतुलन खो बैठी और ट्रॉली की चपेट में आ गई। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसके बच्चे सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अजीतमल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान 27 वर्षीय मोहिनी पोरवाल के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपी चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।