क्रासर:
व्यापारियों ने जताया भरोसा, अमित गुप्ता ‘लालू’ ने अध्यक्ष पद पर 521 मतों से दर्ज की जीत
संवाददाता, बिधूना, औरैया
बिधूना में बुधवार को व्यापार मंडल के चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। अध्यक्ष पद पर अमित गुप्ता ‘लालू’ और महामंत्री पद पर शिवम गुप्ता ने जीत दर्ज की। नगर के जे.टी. मैरिज गार्डन में निर्वाचन कमेटी की देखरेख में सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। कुल 2,953 पंजीकृत व्यापारी मतदाताओं में से 1,935 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान समाप्त होने के बाद देर रात तक मतगणना चली। निर्वाचन अधिकारी ने परिणाम घोषित करते हुए अध्यक्ष पद पर अमित गुप्ता ‘लालू’ को 521 मतों के अंतर से विजयी घोषित किया। वहीं महामंत्री पद पर शिवम गुप्ता ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 315 मत अधिक हासिल कर जीत दर्ज की।
अध्यक्ष पद के चतुष्कोणीय मुकाबले में अमित गुप्ता ‘लालू’ को 1,062, दीपक स्वर्णकार को 541, कौशल पोरवाल को 252 और हरीशंकर गुप्ता को 51 मत मिले। महामंत्री पद के त्रिकोणीय मुकाबले में शिवम गुप्ता को 953, सुमित सोनी को 638 और आशीष प्रजापति को 309 मत प्राप्त हुए। कुल 19 मत निरस्त किए गए।
चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रत्याशियों और उनके अधिकृत एजेंटों की मौजूदगी में मतगणना की गई तथा सीधे प्रसारण की व्यवस्था भी की गई थी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। इसके चलते चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
परिणाम घोषित होते ही मतगणना स्थल के बाहर समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमित गुप्ता ‘लालू’ ने कहा कि नगर के व्यापारियों ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। व्यापारी हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने समर्थन देने वाले सभी व्यापारियों, सहयोगियों और शुभचिंतकों का आभार जताया।
---------------------------
व्यापार मंडल चुनाव में प्रत्याशियों को मिले वोट
अध्यक्ष पद
अमित गुप्ता ‘लालू’ — 1,062 वोट
दीपक स्वर्णकार — 541 वोट
कौशल पोरवाल — 252 वोट
हरीशंकर गुप्ता — 51 वोट
महामंत्री पद
शिवम गुप्ता — 953 वोट
सुमित सोनी — 638 वोट
आशीष प्रजापति — 309 वोट
निरस्त मत — 19
कुल पंजीकृत मतदाता — 2,953
कुल पड़े मत — 1,935
0 Comments