औरैया। सहायल थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव पूर्वी भगत में एक 60 वर्षीय किसान ने अपने खेत में बनी झोपड़ी में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है।
शनिवार सुबह जब परिजन खेत पहुंचे तो झोपड़ी के अंदर देव शंकर (60) पुत्र स्व. शिव नाथ का शव रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर थाना सहायल पुलिस मौके पर पहुंची।
उपनिरीक्षक राजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के बेटे सोनू ने पुलिस को बताया कि उनके पिता देव शंकर खेत में झोपड़ी डालकर वहीं रहते थे, जबकि परिवार गांव स्थित पुराने मकान में रहता है। देव शंकर के तीन बेटे सोनू, संदीप और प्रदीप हैं।
उपनिरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहन जांच कर रही है।
0 Comments