अछल्दा। कस्बे के मुहम्मदाबाद रोड स्थित लक्ष्मी नगर में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने किराए के कमरे में फांसी लगाकर अज्ञात कारणों से आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही डायल पुलिस 112 पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान भूरा कठेरिया (30 वर्ष) पुत्र जगदीश कठेरिया, निवासी सचेंडी, कानपुर महानगर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह एक दिन पहले अपनी बुआ की लड़की रूबी के यहां अछल्दा आया था। बताया जा रहा है कि वह रिश्ते में रूबी के मामा का बेटा था।
जानकारी के मुताबिक भूरा कठेरिया मुहम्मदाबाद रोड स्थित लक्ष्मी नगर में भीम यादव (गांव घांसीपुर) के मकान में किराए पर ठहरे हुए थे। बुधवार की दोपहर रूबी खाना बनाने के लिए गई थी। काफी देर तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर उसने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर उसने दरवाजे के शीशे से झांककर देखा तो युवक दुपट्टे के सहारे वेंटिलेशन से लटका मिला। इसके बाद तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई।
सूचना पर उपनिरीक्षक ब्रज किशोर और उपनिरीक्षक राशिद हुसैन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी पुनीत मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। युवक ने दुपट्टे से फांसी लगाई थी। थाना प्रभारी पंकज मिश्रा भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
0 Comments