व्यापार मंडल बिधूना के अध्यक्ष और महामंत्री पद के लिए 2 सितंबर को होने वाले चुनाव को लेकर प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। नगर में डिवाइडर और विद्युत पोलों पर होर्डिंग्स लगाए गए हैं, वहीं प्रत्याशी डोर-टू-डोर संपर्क कर मतदाताओं से समर्थन मांग रहे हैं।
रविवार को नदी तिराहा स्थित हैविल्स एजेंसी पर लगाए गए शिविर में करीब एक सैकड़ा मतदाताओं के नामों में संशोधन किया गया। इसके साथ ही नए मतदाताओं को भी सूची में जोड़ा गया। इस दौरान निर्वाचन कमेटी के वरिष्ठ सदस्य आशीष वर्मा, राजकुमार पालीवाल, बॉबी गुप्ता, मुनीष पोरवाल, नीरज कठेरिया, अमित गुप्ता आदि मौजूद रहे।
निर्वाचन कमेटी के वरिष्ठ सदस्य एवं सर्राफा यूनियन के पूर्व अध्यक्ष आशीष वर्मा ने बताया कि करीब ढाई से तीन हजार मतदाता अध्यक्ष और महामंत्री पद के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान 2 सितंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। इसके बाद मतगणना कर उसी दिन परिणाम घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
अध्यक्ष पद के लिए कौशल पोरवाल, कल्लू गुप्ता (सिलाई वाले), दीपक वर्मा और अमित कुमार उर्फ लालू गुप्ता, जबकि महामंत्री पद के लिए शिवम गुप्ता, शिवम प्रजापति और सुमित सोनी के मैदान में होने की जानकारी सामने आई है। चुनाव को लेकर नगर के व्यापारियों में उत्साह के साथ ही माहौल भी गरमाया हुआ है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वीनेश कुमार सिंह ने कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
0 Comments