औरैया। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल आगामी 12 सितंबर को औरैया जिले के दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह देखा जा रहा है। यह जानकारी सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि सपा प्रदेश अध्यक्ष सुबह 10 बजे औरैया पहुंचेंगे। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक वह स्थानीय कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान संगठन की गतिविधियों, आगामी योजनाओं और पार्टी को मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की जाएगी।
इसके बाद शहर के प्रसिद्ध साईं मंदिर परिसर में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने बताया कि कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ-साथ बूथ स्तर के बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व विधायक मदन गौतम, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुमन दिवाकर, राजकुमार दोहरे, बड़े लाल यादव, ओके चौधरी समेत कई सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 Comments