एक स्टेशन, एक उत्पाद योजना के तहत अछल्दा में कढ़ाई-क्रोशिया और फफूंद में हथकरघा समेत दुग्ध उत्पादों की बिक्री
अछल्दा/फफूंद। स्थानीय कारीगरों और छोटे कारोबारियों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए रेलवे की ‘एक स्टेशन, एक उत्पाद’ (OSOP) योजना के तहत प्रयागराज मंडल के 28 प्रमुख स्टेशनों पर स्थानीय उत्पादों के स्टॉल और ट्रॉलियां लगाई गई हैं। मंडल के स्टेशनों की जारी सूची में अछल्दा और फफूंद को भी शामिल किया गया है।
अछल्दा स्टेशन पर कढ़ाई और क्रोशिया उत्पाद
अछल्दा रेलवे स्टेशन को इस योजना में महत्वपूर्ण स्थान मिला है। सूची के अनुसार स्टेशन पर एक ट्रॉली के माध्यम से स्थानीय कढ़ाई एवं क्रोशिया उत्पादों की बिक्री को मंजूरी दी गई है। इससे क्षेत्र के कारीगरों, विशेषकर हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को अपने उत्पाद रेलवे यात्रियों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
फफूंद स्टेशन पर हथकरघा व दुग्ध उत्पाद
वहीं फफूंद स्टेशन पर स्थानीय हथकरघा, बीड़स उत्पाद, कढ़ाई एवं क्रोशिया उत्पाद के साथ रबड़ी, कुल्फी और फालूदा जैसे दुग्ध उत्पादों को बाजार मिलने की उम्मीद है। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही अधिक होने से स्थानीय उत्पादों को नए ग्राहक मिलने की संभावना है।
गोविंदपुरी, पनकीधाम और झींझक में भी स्थानीय उत्पाद
प्रयागराज मंडल की सूची में गोविंदपुरी, पनकीधाम और झींझक स्टेशनों को भी शामिल किया गया है। यहां चमड़े के उत्पाद, गजक-लड्डू और दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराए जाने हैं।
रेलवे की ‘एक स्टेशन, एक उत्पाद’ योजना का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, बुनकरों, किसानों और छोटे उद्यमियों को रेलवे के माध्यम से बड़ा बाजार उपलब्ध कराना है। यात्रियों को भी स्टेशन पर अपने क्षेत्र के स्थानीय और पारंपरिक उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
DRM प्रयागराज द्वारा जारी सूची में अछल्दा को 20वें क्रम पर स्थान दिया गया है। रेलवे ने स्टॉल एवं ट्रॉली संचालकों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इससे अछल्दा और फफूंद क्षेत्र के स्थानीय हस्तशिल्प व खाद्य उत्पादों को पहचान मिलने के साथ-साथ रोजगार और आय के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।
0 Comments