अछल्दा में 163 मकानों को बचाने और पुराने पुल के स्थान पर नया पुल बनाने के सीएम ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले पूर्व कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत, कंचौसी की चकबंदी प्रक्रिया पूरी कराने के भी निर्देश
अछल्दा/औरैया। जनपद औरैया की दो प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर पूर्व कृषि राज्यमंत्री एवं दिबियापुर के पूर्व विधायक लाखन सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान अछल्दा में निर्माणाधीन नए पुल और सिंचाई विभाग की ओर से 163 आवासित मकानों पर चस्पा किए गए ध्वस्तीकरण संबंधी नोटिसों का मामला प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही ग्राम पंचायत कंचौसी में चकबंदी प्रक्रिया को लेकर किसानों की समस्याओं से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।
लाखन सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री को बताया कि अछल्दा में निचली गंगा नहर पर नए पुल के निर्माण से संबंधित मामले में सिंचाई विभाग की ओर से 163 मकानों को खाली कराने और ध्वस्त किए जाने के संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं। इससे प्रभावित परिवारों के सामने आवास बचाने का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने मांग की कि लोगों के आवासों को सुरक्षित रखते हुए पुल निर्माण की ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे परिवारों को बेघर न होना पड़े और आवागमन की समस्या का भी स्थायी समाधान हो सके।
इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए प्रमुख सचिव, सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि नवीन पुल का निर्माण पुराने पुल को ध्वस्त कर उसी स्थान पर कराया जाए तथा किसी भी आवासित मकान को ध्वस्त न किया जाए। मुख्यमंत्री के इस निर्देश से प्रभावित परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
कंचौसी में पुरानी चकबंदी प्रक्रिया के आधार पर कार्रवाई के निर्देश
मुलाकात के दौरान ग्राम पंचायत कंचौसी में चल रही चकबंदी प्रक्रिया का मुद्दा भी उठाया गया। लाखन सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वर्ष 1988-89 के दौरान किसानों को चक आवंटित किए गए थे। उन्होंने पूर्व में संपन्न चकबंदी प्रक्रिया को आधार बनाकर आगे की कार्रवाई पूरी कराने का आग्रह किया, ताकि किसानों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित प्रमुख सचिव को निर्देश दिए कि पूर्व की चकबंदी प्रक्रिया के आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए प्रक्रिया को पूर्ण कराया जाए तथा किसी भी किसान को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
लाखन सिंह राजपूत ने दोनों जनसमस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लेने और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता के हितों की रक्षा, किसानों के अधिकारों का सम्मान और आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है।
0 Comments