BREAKING

10/recent/ticker-posts

अछल्दा में बारिश के बीच गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे, नम आंखों से दी विदाई

 


फोटो कैप्शन: विसर्जन से पहले भक्तों ने गणपति बप्पा के साथ सेल्फी लेकर यादगार पल कैमरे में कैद किए।




अनंत चतुर्दशी पर कस्बे से गांवों तक निकली गणपति विसर्जन यात्रा

अबीर-गुलाल उड़ाकर भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु, नहर बाजार में हुआ भंडारा


संवाददाता, अछल्दा, औरैया।

 अनंत चतुर्दशी पर शुक्रवार को कस्बे से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक गणपति बप्पा की प्रतिमाओं का गाजे-बाजे और भक्तिमय माहौल के बीच विधि-विधान से विसर्जन किया गया। दिनभर हुई बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। स्टेशन रोड स्थित नगर पंचायत कार्यालय के सामने स्थापित गणेश प्रतिमा की अंतिम पूजा-अर्चना के बाद युवाओं और महिलाओं ने विसर्जन यात्रा निकाली। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते हुए अबीर-गुलाल उड़ाते रहे।


पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रतिमा को विसर्जन स्थल तक ले जाया गया। गणपति बप्पा को विदाई देते समय श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। इस दौरान ‘देवा हो देवा गणपति देवा, तुमसे बढ़कर कौन’ और ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे गूंजते रहे।


मुहम्मदाबाद, घसारा, दशहरा, नगरिया समेत क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। विसर्जन के बाद नहर बाजार में भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर अट्टू ठाकुर, प्रबल सोनी, पीयूष गौर, रामजी, सोहित, अश्वनी, रामकुमार आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments

close