BREAKING

10/recent/ticker-posts

Auraiya : बिधूना में बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा, रिश्तेदार समेत चार पकड़े गए



अकेलेपन की जानकारी देकर रची चोरी की साजिश, जागने पर तौलिये से गला दबाकर की हत्या; चांदी के जेवर और नकदी बरामद

बिधूना (औरैया)। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के बंधरा गांव में 62 वर्षीय भूरी देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने 25 अक्टूबर को खुलासा कर दिया। थाना बिधूना, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने चोरी की योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए चांदी की सफेद धातु के जेवर और 9,400 रुपये नकद बरामद किए हैं।

भूरी देवी पत्नी अनंगपाल 23 अक्टूबर को अपने घर में मृत मिली थीं। वह गांव में अकेली रहती थीं, जबकि उनके पति और बेटे बाहर रहकर नौकरी करते थे। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मामले के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की थीं।

अकेले रहने की जानकारी देकर बनाई चोरी की योजना

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मुख्य आरोपित दानवीर सिंह उर्फ गोलू ने बताया कि वारदात से पहले उसकी रेनू सोंगर और रंजित सिंह से कॉन्फ्रेंस कॉल पर बातचीत हुई थी। आरोप है कि रेनू ने भूरी देवी के घर में अकेले रहने और वहां आभूषण होने की जानकारी देकर चोरी की योजना बनाई थी।

पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर की रात गोलू और एक बाल अपचारी घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे और नकदी व जेवर चोरी करने लगे। इसी दौरान भूरी देवी की नींद खुल गई। आरोप है कि उनके शोर मचाने की आशंका पर दोनों ने तौलिये से उनका गला दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद संदेह से बचने के लिए आरोपित अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए। बाद में चोरी के सामान का बंटवारा करने के लिए एकत्र हुए, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

तीन गिरफ्तार, एक बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में

पुलिस ने दानवीर सिंह उर्फ गोलू धाकरे निवासी नगला अणू, थाना बरहन, जिला आगरा, रेनू सोंगर निवासी बंधरा गांव, थाना बिधूना और रंजित सिंह निवासी गौहानी, थाना चकरनगर, जिला इटावा को गिरफ्तार किया है। एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 60 ग्राम वजन की एक जोड़ी तोड़िया, करीब 15 ग्राम वजन की नथ व बिछिया तथा 9,400 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments

close