क्रासर : पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने की नाप-जोख, 45 फुट चौड़ाई व 42 फुट लंबाई के पुल के लिए बनाए निशान
संवाददाता, अछल्दा औरैया
निचली गंग नहर पर ब्रिटिशकाल में निर्मित करीब 170 वर्ष पुराने जर्जर पुल के स्थान पर अब 3.15 करोड़ रुपये की लागत से नया दो लेन पुल बनाया जाएगा। शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित पुल स्थल पर पहुंचकर नाप-जोख की। अधिकारियों ने पुल की जगह पर निर्माण के लिए निशान भी लगाए।
प्रस्तावित नया पुल करीब 45 फुट चौड़ा और 42 फुट लंबा होगा। पुल का निर्माण बॉक्स कल्वर्ट तकनीकी से कराया जाएगा। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले नहर के पानी के बहाव को रोकने के लिए बांध बनाया जाएगा। इसके बाद निर्माण स्थल को तैयार कर नए पुल का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी के जेई प्रकाश पाल, एसडीओ, सिंचाई विभाग के सुभाष चंद्र, जेई राजीव यादव और सहायक अभियंता राजकुमार की मौजूदगी में नाप-जोख की गई। टीम ने निर्माण स्थल की स्थिति और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
वहीं, पुराने जर्जर पुल से बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए हाइटगेज लगाया गया है। इससे भारी वाहनों को पुल से गुजरने से रोका गया था। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण से संबंधित प्रारंभिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। नहर में पानी का बहाव नियंत्रित करने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
0 Comments