-हरीगंज बाजार की जर्जर गली में इंटरलॉकिंग सड़क का काम शुरू
-लाखों रुपये की लागत से वार्ड नंबर पांच में बन रही इंटरलॉकिंग सड़क
संवाददाता, अछल्दा, औरैया।
नगर पंचायत की ओर से कस्बे में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में हरीगंज बाजार स्थित वार्ड नंबर पांच में लंबे समय से जर्जर पड़ी गली में लाखों रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य गुरुवार को शुरू कराया गया। इससे गली के किनारे रहने वाले लोगों को जलभराव, कीचड़ और आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
गुरुवार को चेयरमैन अरुण दुबे, सभासद दीपू यादव, नारायण तिवारी और ठेकेदार मौके पर पहुंचे। चेयरमैन ने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर ठेकेदार को मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के निर्देश दिए। इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण भोलेनाथ गुप्ता के मकान से शुरू होकर शेखर ठाकुर के मकान तक कराया जा रहा है।
इसके साथ ही पप्पू पाल के घर से बलिराम प्रजापति के मकान तक सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्य भी शुरू कराया गया है। वहीं अछल्दा-बिधूना मार्ग से कल्लू यादव के मकान तक सीसी सड़क का निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गलियों की हालत लंबे समय से खराब होने के कारण बारिश के दिनों में जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी रहती थी। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है।
चेयरमैन अरुण दुबे ने बताया कि उनके कार्यकाल में इन विकास कार्यों के प्रस्ताव पास कराए गए थे। अब कार्य शुरू होने से वार्डवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। नगर पंचायत की ओर से कस्बे के अन्य क्षेत्रों में भी आवश्यकता के अनुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
------------------
अछल्दा में बनेंगी 49 नई दुकानें, नगर पंचायत ने दी स्वीकृति
अछल्दा। नगर पंचायत की ओर से कस्बेवासियों को रोजगार और व्यापार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। नगर पंचायत ने विभिन्न स्थानों पर कुल 49 दुकानों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है। चेयरमैन अरुण दुबे ने बताया कि थाने के बगल शांति गेस्ट हाउस के सामने करीब 20 दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। वहीं नगर पंचायत गेट के बगल में चार दुकानें बनाई जाएंगी। इसके अलावा स्टेशन बाजार में करीब 25 दुकानों के निर्माण की योजना है। शेष दुकानों के निर्माण को लेकर भी स्थान और प्रक्रिया तय की जा रही है। चेयरमैन ने बताया कि दुकानों के निर्माण का कार्य जल्द ही शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई दुकानों के बनने से स्थानीय लोगों को व्यापार के लिए बेहतर स्थान मिलेगा और नगर पंचायत की आय में भी बढ़ोतरी होगी। नगर पंचायत की इस पहल से कस्बे के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में खुशी है।


0 Comments