अछल्दा। गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार देर रात थाना प्रभारी सुरेश चंद्र ने सिपाही विनोद कुमार और राहुल कुमार के साथ कस्बे में विभिन्न स्थानों पर स्थापित गणेश प्रतिमाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस टीम ने आयोजकों से संवाद कर विसर्जन जुलूस के रूट मार्ग की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने आयोजकों से कहा कि विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग का ही प्रयोग किया जाए तथा जुलूस में शांति और व्यवस्था बनाए रखी जाए। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष अरुण दुबे की ओर से विसर्जन स्थल पर गड्ढा खुदवाने की व्यवस्था कराई गई है। पुलिस टीम ने विसर्जन स्थल का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। थाना प्रभारी ने कहा कि गणेश प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस टीम लगातार निगरानी रखेगी। उन्होंने आयोजकों से प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी तरह की अफवाह से बचने की अपील की।
0 Comments