BREAKING

10/recent/ticker-posts

Auraiya News: शराब के नशे में पिता ने पीट-पीटकर बेटे की हत्या की

Auraiya News: शराब के नशे में पिता ने पीट-पीटकर बेटे की हत्या की
-15 वर्षीय किशोर के शरीर पर मिले मारपीट के निशान, वारदात के बाद आरोपी पिता फरार
औरैया,। थाना सहार क्षेत्र के पूर्वा सोमवंशी गांव में सोमवार रात शराब के नशे में एक पिता ने अपने 15 वर्षीय बेटे की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:45 बजे अरुण राजपूत निवासी पूर्वा सोमवंशी ने सूचना दी कि रिशु पुत्र उम्मेद सिंह की उसके पिता ने अत्यधिक मारपीट कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही सहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उम्मेद सिंह (45) ई-रिक्शा चलाता है और शराब का आदी बताया जा रहा है। सोमवार शाम गांव में गणेश पूजा की आरती के लिए परिवार के अन्य सदस्य गए थे। इसी दौरान उम्मेद सिंह ने कथित रूप से शराब के नशे में अपने छोटे बेटे रिशु के साथ मारपीट की। गंभीर चोट लगने से रिशु की मौत हो गई। उसके शरीर पर मारपीट के निशान पाए गए हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। घटना के बाद से आरोपी पिता फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
रिशु की मां लता देवी की करीब 12 वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। परिवार में उसकी 18 वर्षीय बड़ी बहन काजल और 22 वर्षीय बड़ा भाई नीरज हैं। दादा महेंद्र सिंह और दादी मधुलता गांव में दूसरे घर में रहते हैं और उनका परिवार के घर पर आना-जाना रहता है। उपनिरीक्षक गणेश गुप्ता के अनुसार, अभी घटना के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments

close