BREAKING

10/recent/ticker-posts

Auraiya News: करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र के लिए रखा व्रत, जन्मदिन पर जिंदगी ने छोड़ दिया साथ

-43 वर्षीय अंजना की अचानक मौत से परिवार में कोहराम, 14 वर्षीय बेटी नंदनी और आठ वर्षीय बेटे शिवम के सिर से उठा मां का साया

औरैया: बिधूना कोतवाली क्षेत्र में नियति का ऐसा क्रूर खेल देखने को मिला, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। गुरुवार को पति की लंबी उम्र की कामना के लिए करवा चौथ का निर्जला व्रत रखने वाली 43 वर्षीय अंजना दुबे की शुक्रवार सुबह अचानक हृदयाघात से मौत हो गई। जिस पत्नी ने एक दिन पहले पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा था, उसने अगले ही दिन हमेशा के लिए दुनिया को अलविदा कह दिया। संयोग ऐसा कि शुक्रवार को ही उनका जन्मदिन भी था। जिस घर में जन्मदिन की खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां चीख-पुकार मच गई।
नदी तिराहा निवासी समाजसेवी वीरेंद्र दुबे उर्फ कल्लू मामा के परिवार की अंजना दुबे पत्नी नीलू दुबे की आकस्मिक मौत से पूरा परिवार सदमे में है। शुक्रवार को अरिंद नदी स्थित भैरों घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंजना अपने पीछे 14 वर्षीय बेटी नंदनी और आठ वर्षीय बेटे शिवम को छोड़ गई हैं। पत्नी को खोने के बाद पति नीलू दुबे का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार को करवा चौथ का व्रत रखने के दौरान अंजना ने अपने देवर शीलू दुबे से कहा था कि अगले दिन उसका जन्मदिन है और उसे खुशी से मनाना। उन्होंने जन्मदिन को लेकर कई अरमान संजो रखे थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि जन्मदिन ही उनके जीवन का आखिरी दिन बन जाएगा। उनकी मौत से दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। पूर्व सांसद सुब्रत पाठक, रिया शाक्य, रचना सिंह सेंगर, चेयरमैन आदर्श मिश्रा, पूर्व चेयरमैन अमित कुमार बाथम ललतू सहित अनेक लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की।

Post a Comment

0 Comments

close