BREAKING

10/recent/ticker-posts

Auraiya : औरैया में बकरियों की लूट का बड़ा खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार





ऑरा कार से बकरियां लूटकर जालौन में बेचने जा रहे थे आरोपी, तमंचे-कारतूस समेत तीन बकरियां बरामद
औरैया। कोतवाली औरैया पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने बकरियों की लूट की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन बकरियां, दो देशी तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की ऑरा कार बरामद की है।
19 अगस्त को छह बकरियां लूटी थीं
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को अयाना थाना क्षेत्र के ग्राम दातसपुर निवासी राजकुमार बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की पुलिया संख्या 239 के पास बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान ऑरा कार सवार तीन-चार अज्ञात लोग छह बकरियों को पकड़कर कार में डालकर जालौन की ओर भाग गए। मामले में थाना अयाना में मुकदमा दर्ज किया गया था।
20 अगस्त को तीन बकरियां छीनीं
20 अगस्त को कोतवाली औरैया क्षेत्र के ग्राम नबकलपुर निवासी भीमीश बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 243 के पास बकरियां चरा रहे थे। तभी कार सवार तीन अज्ञात लोगों ने तीन बकरियां छीन लीं और जालौन की तरफ फरार हो गए। इस मामले में कोतवाली औरैया में मुकदमा दर्ज किया गया।
नरायनपुर बाईपास पर पकड़े गए आरोपी
दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमों ने जांच शुरू की। शुक्रवार सुबह करीब 5:17 बजे नरायनपुर बाईपास नहर पुलिया पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को घेरकर पकड़ लिया। उनकी पहचान सोनू उर्फ अमन पुत्र संतोष कुमार निवासी अनुरूपपुरधना, कुंदरकोट, औरैया, उम्र 25 वर्ष और अमित पुत्र सुखबीर सिंह निवासी नगला खंगी, अछल्दा, औरैया, उम्र 18 वर्ष के रूप में हुई।
तमंचे, कारतूस और कार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन बकरियां, .315 बोर का एक तमंचा व दो जिंदा कारतूस, .12 बोर का एक तमंचा व दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन बरामद किए। घटना में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की ऑरा कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।
जालौन में बेचने जा रहे थे बकरियां
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 19 अगस्त को छह और 20 अगस्त को तीन बकरियां लूटने के बाद उन्हें ऑरा कार में लादकर जालौन में बेचने जा रहे थे। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान सोनू उर्फ अमन के पैर में चोट लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, सोनू उर्फ अमन के खिलाफ अछल्दा थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

Post a Comment

0 Comments

close