सांसद जितेंद्र दोहरे ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और सुविधाओं के विस्तार की मांग की
औरैया | संवाददाता
इटावा लोकसभा क्षेत्र के सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे ने जनपद औरैया के फफूंद (दिबियापुर) रेलवे स्टेशन के विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजा है। सांसद ने फफूंद रेलवे स्टेशन को जनपद का मुख्य रेलवे स्टेशन घोषित करने सहित प्रमुख एक्सप्रेस एवं सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव की मांग की है।
सांसद द्वारा भेजे गए पत्र में दिनांक 28 जुलाई 2026 का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि औरैया के नागरिकों और फफूंद स्टेशन संघर्ष समिति की ओर से प्राप्त ज्ञापन के आधार पर यह मांग उठाई गई है।
सांसद ने कहा कि फफूंद (दिबियापुर) रेलवे स्टेशन जनपद औरैया का प्रमुख रेलवे स्टेशन है। क्षेत्र में GAIL, NTPC, प्लास्टिक सिटी, तापीय विद्युत परियोजनाओं सहित कई बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठान संचालित हैं, जिसके कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री इस स्टेशन का उपयोग करते हैं। आसपास के कई जिलों के लोग भी आवागमन के लिए इसी स्टेशन पर निर्भर हैं।
उन्होंने रेल मंत्री से मांग की है कि—
फफूंद रेलवे स्टेशन को औरैया जिले का मुख्य रेलवे स्टेशन घोषित किया जाए।
प्रमुख एक्सप्रेस एवं सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाए।
फफूंद स्टेशन को क्षेत्रीय रेल हब के रूप में विकसित किया जाए।
सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे ने पत्र में कहा कि फफूंद रेलवे स्टेशन के विकास से जनपद औरैया सहित इटावा लोकसभा क्षेत्र के लाखों नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने रेल मंत्री से इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
0 Comments