BREAKING

10/recent/ticker-posts

Auraiya - औरैया में ट्रक चालकों को नशीला पानी पिलाकर 2 लाख की चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार




औरैया। थाना अजीतमल पुलिस ने ट्रक चालकों को नशीला पदार्थ खिलाकर चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी की नगदी, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, कार और नशीली दवा बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को मैनपुरी जनपद के आदेश कुमार और सर्वेश कुमार अपने-अपने ट्रकों से हाईवे स्थित सूरज ढाबा पर भोजन करने के लिए रुके थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति बिना नंबर की कार से वहां पहुंचा और होटल कर्मचारी बनकर दोनों चालकों को पानी की जगह नशीली दवा मिला पानी पिला दिया। कुछ देर बाद दोनों चालक बेहोश होकर ट्रकों में सो गए। होश आने पर उनकी जेब में रखे करीब 2 लाख रुपये नगद गायब मिले। पीड़ितों की तहरीर पर थाना अजीतमल में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बुधवार को मधुपुर ढाबा के सामने इटावा-औरैया सर्विस रोड से आरोपी सुनील कुमार शर्मा (33) निवासी सिकौला थाना जसपुरा, जिला बांदा (हाल पता गुजैनी, कानपुर नगर) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20,170 रुपये नगद, दो एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, दो मोबाइल फोन, एक स्विफ्ट डिजायर कार तथा अल्प्राजोलम (Alprazolam) की नशीली गोलियां बरामद की हैं। पूछताछ के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। साथ ही आमजन से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की कोई वस्तु न लें और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल 112 पर सूचना दें।

Post a Comment

0 Comments

close