BREAKING

10/recent/ticker-posts

Auraiya : औरैया में डॉक्टर ने यमुना नदी में लगाई छलांग, इंस्टाग्राम वीडियो में सुनाई आपबीती; मारपीट और अपमान से आहत होने का लगाया आरोप





औरैया। जनपद में बुधवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब रामऔतार हॉस्पिटल में कार्यरत एक डॉक्टर ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। नदी में कूदने से पहले डॉक्टर ने इंस्टाग्राम पर दो वीडियो पोस्ट किए, जिनमें उन्होंने अपने साथ हुई कथित मारपीट, अपमान और पुलिस द्वारा समझौते का दबाव बनाए जाने के आरोप लगाए। घटना के बाद पुलिस, गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम डॉक्टर की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार लखीमपुर खीरी निवासी डॉ. सौरभ वाजपेई औरैया शहर के तिलक नगर स्थित चड्डा टॉकीज के पास रामऔतार हॉस्पिटल में बीएमएस चिकित्सक के रूप में कार्यरत थे। बुधवार शाम करीब पांच बजे वह यमुना पुल पहुंचे। वहां उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो वीडियो अपलोड किए और इसके कुछ देर बाद यमुना नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
कमरे के विवाद को लेकर हुआ था विवाद
वीडियो में डॉ. सौरभ वाजपेई ने बताया कि वह पिछले तीन माह से अस्पताल परिसर में कमरे की मांग कर रहे थे। कमरा नहीं मिलने पर वह बुधवार को अपना कमरा स्वयं शिफ्ट करने लगे। इसी दौरान एक कमरे में लगा शीशा निकालने को लेकर विवाद हो गया। डॉक्टर का आरोप है कि अस्पताल संचालक के बहनोई सर्वेश सिंह ने उनके साथ गाली-गलौज की, थप्पड़ मारा और गर्दन दबाकर मारपीट की।
डॉ. वाजपेई ने वीडियो में कहा कि इस घटना से वह मानसिक रूप से बेहद आहत हैं। उन्होंने कहा कि एक चिकित्सक होने के बावजूद उनके साथ सार्वजनिक रूप से अपमानजनक व्यवहार किया गया, जिसे वह बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।
वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में डॉ. सौरभ वाजपेई ने कहा कि मारपीट की घटना के बाद वह शिकायत लेकर औरैया कोतवाली पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां मामले में समझौता कराने का प्रयास किया गया। वीडियो में उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय नहीं मिला और वह खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं।
वीडियो में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की अपील करते हुए कहा कि यदि आम लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है तो सरकार को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वह आत्महत्या करने जा रहे हैं और अपनी मौत के लिए कुछ लोगों को जिम्मेदार मानते हैं।
अस्पताल संचालक को बताया बड़ा भाई
डॉ. सौरभ वाजपेई ने वीडियो में रामऔतार हॉस्पिटल के संचालक डॉ. एसपी सिंह का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह डॉ. एसपी सिंह को अपना बड़ा भाई मानते हैं और उनका सम्मान करते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उनके साथ जो कुछ हुआ, उसे होने दिया गया। इसके बावजूद उन्होंने डॉ. एसपी सिंह के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें दोषी नहीं ठहराया, लेकिन अन्य लोगों को अपनी संभावित मौत का जिम्मेदार बताया।
परिवार का भी किया जिक्र
वीडियो में डॉक्टर ने अपने परिवार की स्थिति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनका एक छोटा बच्चा है और उनके पिता की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि वह लंबे समय तक कानूनी लड़ाई लड़ सकें। उन्होंने कहा कि वह पहले नशा करते थे, लेकिन वर्तमान समय में किसी भी प्रकार के नशे की हालत में नहीं हैं और पूरी तरह होश में यह बात कह रहे हैं।
यमुना नदी में जारी है सर्च ऑपरेशन
डॉक्टर के नदी में कूदने की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस, स्थानीय गोताखोर और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। यमुना नदी में देर शाम तक व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन डॉक्टर का कोई सुराग नहीं मिल सका। नदी में तेज बहाव और गहराई को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस और राहत दल लगातार तलाश में जुटे हुए हैं।
एएसपी बोले- दोनों पक्ष कोतवाली आए थे
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने बताया कि मारपीट की घटना के संबंध में दोनों पक्ष कोतवाली आए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार क्लीनिक संचालक के बहनोई द्वारा थप्पड़ मारने की बात सामने आई है। दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौते की प्रक्रिया चल रही थी और बाद में सभी लोग वहां से चले गए थे। इसके बाद डॉक्टर द्वारा यमुना नदी में छलांग लगाने की सूचना प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी घटना
एक चिकित्सक द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करने और उसके बाद यमुना नदी में छलांग लगाने की घटना पूरे जनपद में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है। वहीं डॉक्टर के परिजन और परिचित भी औरैया पहुंच रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि डॉक्टर की तलाश प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।
क्रासर : इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करने के बाद यमुना नदी में छलांग लगाने वाले चिकित्सक की तलाश देर रात तक जारी रही। पुलिस ने वायरल वीडियो को जांच का हिस्सा बनाया है और मारपीट के आरोपों की भी पड़ताल शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments

close