संवाददाता | अछल्दा
भारतीय किसान यूनियन (भानु) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अछल्दा रेलवे स्टेशन के नीचे धरना-प्रदर्शन कर कोरोना काल के बाद बंद किए गए ट्रेनों के ठहराव को पुनः शुरू करने की मांग उठाई। किसानों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि लंबे समय से मांग करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सुबह के समय 64703/64704 गोविंदपुरी मेमो, दोपहर में 15483/15484 महानंदा एक्सप्रेस तथा रात्रि में 19037/19038 अवध एक्सप्रेस का अछल्दा रेलवे स्टेशन पर ठहराव बहाल किया जाए। उनका कहना था कि इन ट्रेनों के स्टॉपेज न होने से क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसान नेताओं ने कहा कि कोरोना काल में बंद किए गए ट्रेनों के ठहराव को अधिकांश स्टेशनों पर बहाल कर दिया गया है, लेकिन अछल्दा स्टेशन की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ट्रेनों का ठहराव बहाल नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन (भानु) आंदोलन को और तेज करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन में वरिष्ठ प्रदेश संरक्षक रमेश चन्द्र यादव, प्रदेश महासचिव मनोज कुमार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमेश कुमार यादव, राष्ट्रीय प्रवक्ता उदयवीर सिंह, जिला संगठन मंत्री शिववीर सिंह, जिला प्रचार मंत्री राकेश कुमार, जिला उपाध्यक्ष बीटू यादव, राष्ट्रीय महामंत्री रोहित तिवारी, महिला जिला उपाध्यक्ष रामबेश, सुगर सिंह, अमरपाल, ब्लॉक अध्यक्ष मनोज कुमार, जिला कार्यालय प्रभारी हरगोविंद सिंह, सह जिला सदस्य उज्ज्वल वीर सिंह तथा लालू यादव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। वही रमन सेंगर ने किसानों का स्वागत किया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर आरपीएफ प्रभारी एन.के. यादव, मुकेश, थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र, एलआईयू के दीपक शर्मा, दीप सिंह तथा अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। अधिकारियों की निगरानी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
0 Comments