औरैया। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल की ओर से शुक्रवार को प्रयागराज में आयोजित सांसदों की उच्चस्तरीय बैठक में औरैया-इटावा संसदीय क्षेत्र की सांसद गीता शाक्य ने जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने अछल्दा रेलवे स्टेशन पर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) तथा कंचौसी रेलवे स्टेशन पर रोड अंडरब्रिज (आरयूबी) के निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी।
सांसद गीता शाक्य ने कहा कि अछल्दा रेलवे क्रॉसिंग पर अक्सर लंबा जाम लगने से स्थानीय लोगों, छात्रों, मरीजों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यहां शीघ्र रोड ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाना आवश्यक है। वहीं कंचौसी क्षेत्र में सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए रोड अंडरब्रिज बनाए जाने की भी जरूरत है।
उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फीडिंग स्पेस (स्तनपान कक्ष) की व्यवस्था किए जाने की भी मांग की, ताकि महिला यात्रियों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिल सके।
बैठक की अध्यक्षता अलीगढ़ सांसद सतीश कुमार गौतम ने की। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने सांसदों को आश्वस्त किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों का गंभीरता से परीक्षण कर उन्हें रेल विकास योजनाओं और यात्री सुविधाओं में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। जो प्रस्ताव रेलवे बोर्ड के स्तर के होंगे, उन्हें आगे भेजा जाएगा।
बैठक में उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक तथा विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के सांसद एवं उनके प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
0 Comments