औरैया। औरैया साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी लोन का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने प्रेसवार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी फर्जी लोन ऐप के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाकर साइबर ठगी करता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से ₹1,840 नकद, 19 सिम कार्ड, 5 मोबाइल फोन, 3 आधार कार्ड तथा 2 डेबिट कार्ड बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया कि बरामद सिम कार्डों से जुड़े मोबाइल नंबरों के विरुद्ध देशभर में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर 32 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।
एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया पर बिना किसी दस्तावेज के आसान लोन दिलाने का लालच देता था। इसके बाद लोगों से एक APK फाइल डाउनलोड कराता था। ऐप इंस्टॉल होते ही पीड़ितों के मोबाइल का निजी डेटा अपराधियों के कब्जे में पहुंच जाता था, जिसके बाद उन्हें ब्लैकमेल कर धन उगाही की जाती थी।
पुलिस आरोपी के पूरे नेटवर्क, उसके अन्य साथियों और आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है।
प्रेसवार्ता के दौरान एसपी ने लोगों से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और सोशल मीडिया या मैसेज के माध्यम से भेजी गई APK फाइल डाउनलोड करने से बचें। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर थाना औरैया को दें।
0 Comments