BREAKING

10/recent/ticker-posts

Auraiya :अछल्दा के भीखेपुर में जमीनी विवाद में युवक को मारी गोली, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर




अछल्दा (औरैया)। थाना क्षेत्र के भीखेपुर गांव में बुधवार शाम जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर के बाहर बैठे एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अछल्दा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6:45 बजे 28 वर्षीय राजीव कुमार अपने घर के दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान आरोपी ने उन पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल-112 और अछल्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। उपनिरीक्षक राशिद खान घायल को तत्काल सीएचसी अछल्दा लेकर पहुंचे।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मामला जमीनी विवाद से जुड़ा है। बताया गया कि राजीव के पिता अजब सिंह तथा उनके भाई मुलायम सिंह और ध्रुव सिंह तीन सगे भाई थे। ध्रुव सिंह अविवाहित थे और अगस्त 2025 में उनका निधन हो गया था। उनकी जमीन वसीयत के आधार पर दोनों भाइयों के नाम दर्ज हो गई थी। हालांकि, ध्रुव सिंह के भतीजे द्वारा उसी जमीन पर खेती किए जाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो बुधवार को हिंसक घटना में बदल गया।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी बिधूना पी. पुनीत मिश्र भी सीएचसी पहुंचे और घायल राजीव कुमार से घटना की जानकारी ली। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. ललित मोहन ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। गोली के बारूद के कणों को परीक्षण के लिए सुरक्षित कर जांच हेतु भेजा गया है।
क्षेत्राधिकारी पी. पुनीत मिश्र ने बताया कि पुलिस ने घायल से घटना की जानकारी ली है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments

close