-इंदौर से मायके लौट रही महिला के पर्स से 9 हजार रुपये व कान के झाले चोरी होने का आरोप
यात्रियों की सतर्कता से संदिग्ध महिला को अछल्दा स्टेशन पर उतारकर आरपीएफ के हवाले किया गया
घटना इटावा जीआरपी क्षेत्र की होने से आरोपित महिला को कार्रवाई के लिए इटावा भेजा गया
अछल्दा: इंदौर से अपने मायके लौट रही महिला यात्री के साथ इटावा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चोरी की घटना हो गई। यात्रियों की सतर्कता से संदिग्ध महिला को अछल्दा रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया गया। घटना इटावा जीआरपी क्षेत्र की होने के कारण उसे पुलिस अभिरक्षा में आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना इटावा भेज दिया गया।
थाना अछल्दा क्षेत्र के गांव गुनौली निवासी पूजा देवी, पत्नी प्रमोद कुमार, इंदौर से अपने मायके लौट रही थीं। शनिवार को वह ट्रेन संख्या 64588 टूंडला-कानपुर मेमू से यात्रा कर रही थीं। आरोप है कि इटावा स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ी एक महिला ने उनके पर्स से करीब 9 हजार रुपये नकद और कान के झाले चोरी कर लिए।
पूजा देवी की भाभी रीमा, पत्नी रवि कठेरिया, को महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इस पर दोनों ने अन्य यात्रियों की मदद से महिला को पकड़ लिया और अछल्दा स्टेशन पर उतारकर आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया। तलाशी के दौरान रीमा का कान का सामान बरामद हो गया, जबकि पूजा देवी के कान के झाले बरामद नहीं हो सके।
जीआरपी चौकी प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि आरपीएफ की सूचना पर पुलिस टीम अछल्दा स्टेशन पहुंची थी। पूछताछ में पता चला कि चोरी की घटना इटावा रेलवे स्टेशन पर हुई थी। चूंकि मामला जीआरपी थाना इटावा के अधिकार क्षेत्र का है, इसलिए पकड़ी गई महिला को एक कांस्टेबल की अभिरक्षा में आवश्यक कार्रवाई के लिए इटावा भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
0 Comments