BREAKING

10/recent/ticker-posts

Auraiya : 72 घंटे में लूट का खुलासा, अछल्दा पुलिस व एसओजी ने चार बदमाश दबोचे




अछल्दा, औरैया। थाना अछल्दा पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात का महज 72 घंटे में खुलासा कर चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें तथा दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार दिबियापुर थाना क्षेत्र के ग्राम घेरा निवासी रवि बाबू पाल ने 22 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 जुलाई की रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर बाइक से घर लौटते समय सीएचसी अछल्दा के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और मोबाइल फोन, पर्स में रखे 13,500 रुपये, बाइक की चाबी तथा हेलमेट लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना अछल्दा में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में थानाध्यक्ष अछल्दा, एसओजी और सर्विलांस टीम ने मामले की जांच शुरू की। शुक्रवार तड़के मुखबिर की सूचना पर तुलसीपुर बंबा अड्डा के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सीएचसी अछल्दा के पास अकेले जा रहे युवक को देखकर लूट की योजना बनाई थी। रास्ता पूछने के बहाने बाइक रुकवाई और मारपीट कर नकदी व सामान लूट लिया। पहचान और गिरफ्तारी के डर से बाइक की चाबी और हेलमेट नहर में फेंक दिए तथा लूट की रकम आपस में बांट ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12,200 रुपये नकद, लूटा गया मोबाइल फोन, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस की पर्ची, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें, दो अवैध .315 बोर तमंचे तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है, जबकि अवैध हथियार मिलने पर आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक के खिलाफ पहले भी जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है, जबकि अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सुरेश चंद, प्रभारी एसओजी/सर्विलांस समीत चौधरी, उपनिरीक्षक रामबहादुर सिंह सहित पुलिस टीम शामिल रही।

Post a Comment

0 Comments

close