फफूँद, संवाददाता। रेलवे ने यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रयागराज और राजस्थान के सीकर (रींगस-खाटू श्याम धाम) के बीच नई साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। सबसे बड़ी राहत यह है कि इस ट्रेन का फफूँद रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव होगा, जिससे क्षेत्र के श्रद्धालुओं को अब श्री खाटू श्याम धाम जाने के लिए सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी।
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 04161 प्रयागराज-सीकर साप्ताहिक स्पेशल 10 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को प्रयागराज से चलेगी। यह ट्रेन रात्रि 9:20 बजे फफूँद स्टेशन पहुंचेगी और 9:22 बजे सीकर के लिए रवाना होगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04162 सीकर-प्रयागराज स्पेशल 11 अगस्त से 1 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को सीकर से चलेगी और बुधवार तड़के 3:05 बजे फफूँद पहुंचेगी तथा 3:07 बजे प्रयागराज के लिए प्रस्थान करेगी।
यह स्पेशल ट्रेन प्रयागराज, गोविंदपुरी, फफूँद, इटावा, आगरा कैंट, भरतपुर, बांदीकुई, दौसा, खातीपुरा, जयपुर, रींगस और सीकर सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन के संचालन से फफूँद सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को खाटू श्याम धाम की यात्रा के लिए सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी।
रेलवे के अनुसार इस विशेष ट्रेन का उद्देश्य उत्तर प्रदेश और राजस्थान की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विरासत को जोड़ना है। ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे, जिनमें सामान्य, स्लीपर और एसी थर्ड श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं। यात्रियों को यह सुविधा 17-17 फेरों तक उपलब्ध रहेगी।
0 Comments