अछल्दा के थाना क्षेत्र के इटैली चौकी अंतर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 9:10 बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 277.9 पर एक स्विफ्ट डिजायर कार तेज रफ्तार में जा रही थी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को हादसे की सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तथा इटैली चौकी प्रभारी विपिन पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकलवाया। हादसे में मुहम्मद जमाल (52) निवासी झांसी और शक़ीला बानो (63) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मुहम्मद फिरोज (47), रेहाना बानो (44) और ताहिरा बानो (8) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को यूपीडा की एंबुलेंस से तत्काल सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मुहम्मद जमाल और शक़ीला बानो को मृत घोषित कर दिया। घायलों का उपचार जारी है। मुहम्मद फिरोज की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया गया कि कार सवार सभी लोग झांसी जिले से बरेली में आयोजित उर्स में शामिल होने के लिए जा रहे थे। रास्ते में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर यह हादसा हो गया। दुर्घटना की जानकारी जैसे ही मृतकों और घायलों के परिजनों को हुई, परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई।
0 Comments