अछल्दा। कस्बा महेवा बस अड्डा स्थित श्री गुलजारी लाल सुखदेवी इंटर कॉलेज में बुधवार को कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या आराधना यादव एवं प्रबंधक राजेश यादव द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कार्यक्रम के दौरान जूनियर छात्र-छात्राओं ने अपने सीनियर साथियों के लिए विदाई गीत, नृत्य और भावपूर्ण भाषण प्रस्तुत किए, जिससे माहौल उत्साह और भावनाओं से भर उठा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
प्रधानाचार्या आराधना यादव ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी ही विद्यालय की वास्तविक पहचान होते हैं। उन्होंने सभी छात्रों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं में सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रबंधक राजेश यादव ने छात्रों को जीवन में अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों को अपनाने की प्रेरणा देते हुए आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। भावुक वातावरण में विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय जीवन के अनुभव साझा किए और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
0 Comments