औरैया। मौसम में हो रहे परिवर्तन को देखते हुए जनपद के परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, औरैया द्वारा कार्यालय आदेश जारी कर सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देशित किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार जनपद के समस्त परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, एडेड/राजकीय/अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, वित्तविहीन तथा सीबीएसई/आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध (नर्सरी से कक्षा 8 तक) विद्यालयों का संचालन 17 फरवरी 2026 से प्रातः 9:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक किया जाएगा।
इससे पूर्व विद्यालयों का समय प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक निर्धारित किया गया था। अब मौसम सामान्य होने के कारण पुनः पूर्व निर्धारित समय सारणी के अनुसार विद्यालय संचालित होंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित कर दी गई है।
0 Comments