अछल्दा (औरैया)। अछल्दा ब्लॉक के गांव देवराव व कमारा में शुक्रवार देर रात ग्रामीणों ने आकाश में ड्रोन देखे जाने की सूचना दी, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है।
गांव निवासी अभिषेक दुबे ने बताया कि वह छत पर थे, तभी अचानक ऊपर ड्रोन उड़ता नजर आया। शोर सुनकर परिवार और आसपास के लोग भी छतों पर आ गए। कुछ ही देर में पूरे मोहल्ले के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
इसी दौरान गांव के पास स्थित नाहर में कुछ संदिग्ध लोगों की हलचल देखी गई। ग्रामीणों के जुटते ही वे लोग वहां से फरार हो गए। सुबह होते ही ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी प्रशासन को दी।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ड्रोन और संदिग्ध गतिविधियों की वजह से ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।
0 Comments