अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के सेऊपुर गांव में रविवार शाम दर्दनाक घटना सामने आई। पिता बनने से महज दो दिन पहले 28 वर्षीय प्रशांत दोहरे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ घंटे पहले ही वह अपनी गर्भवती पत्नी को प्रसव के लिए मायके छोड़कर घर लौटा था। शाम को पत्नी से फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद उसने अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली।
प्रशांत की पत्नी अनीता का मंगलवार को सीजेरियन ऑपरेशन होना था। रविवार को प्रसव से पहले की जांच के लिए प्रशांत पत्नी को अजीतमल सीएचसी लेकर गया था। जांच में कुछ दिक्कत सामने आने पर डॉक्टरों ने अल्ट्रासाउंड और ब्लड टेस्ट कराने की सलाह दी। इसके बाद वह पत्नी को औरैया के एक निजी अस्पताल लेकर गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मंगलवार को ऑपरेशन करने की बात कही।
इसके बाद प्रशांत पत्नी को उसके मायके तेहराजपुर छोड़कर सेऊपुर स्थित घर लौट आया। शाम करीब छह बजे घर पहुंचने पर उसने परिजनों को पत्नी की जांच और मंगलवार को होने वाले ऑपरेशन के बारे में बताया। मां ने उससे रात में घर पर ही रुकने को कहा था।
कुछ देर बाद प्रशांत पत्नी अनीता से फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बातचीत के बाद प्रशांत अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजन कमरे में पहुंचे तो उसका शव रोशनदान में गमछे के सहारे लटका मिला।
सूचना पर अजीतमल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रशांत की मां ने बताया कि यह उसके बेटे का दूसरा बच्चा था। पहली बेटी भी सीजेरियन ऑपरेशन से हुई थी। मंगलवार को दूसरे बच्चे का जन्म होना था। उन्होंने कहा कि दो दिन बाद घर में खुशियां आने वाली थीं, लेकिन बेटे ने ऐसा कदम क्यों उठाया, यह समझ नहीं आ रहा है।
प्रशांत तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई रजनीश और दीपू हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। वहीं पति की मौत की खबर सुनकर गर्भवती पत्नी अनीता का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
अजीतमल कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पत्नी से हुई कहासुनी समेत अन्य पहलुओं को जांच में शामिल किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments