कस्बा रुरुगंज से पुर्वा पीताराम होते हुए पण्डपुर व मलिकपुर गांव को जोड़ने वाली मार्ग वर्षों से क्षतिग्रस्त है। जर्जर मार्ग पर आए दिन राहगीर गिरकर चोटहिल हो रहे हैं। सड़क की उखड़ी गिट्टियां आए दिन हादसे का कारण बन रही हैं। दिन में तो किसी तरह ग्रामीण आवागमन कर ले रहे हैं, लेकिन रात में गुजरना जोखिम भरा साबित हो रहा है। वर्षों से मरम्मत कार्य न होना गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। जर्जर मार्ग से अत्यधिक दिक्कत का सामना स्कूली बच्चों को करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय जनता की माने तो आधा दर्जन गांव के लोगों को राहत पहुंचाने के लिए वर्ष 1990 में इस मार्ग का निर्माण कराया गया था। निर्माण को 35 वर्ष बीत गए लेकिन विडंबना ही यह है कि मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। रुरुगंज से मलिकपुर करीब दो किमी. लंबी सड़क का निर्माण करीब तीन दशक पहले सड़क का निर्माण कराया गया था। सड़क बनने के बाद से आज तक इस सड़क का रिपेयरिंग वर्क भी एक बार नहीं हुआ है। अब सड़क की हालत यह है कि सड़क पर डामर कहीं नजर नहीं आ रहा है। इन दिनों इस सड़क से गुजरना बहुत मुश्किल साबित हो रहा है। जिससे राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है। पुर्वा पीताराम, पण्डपुर, मलिकपुर, उड़ेलापुर, पुर्वा भदौरिया एवं रुरुकलां गांव जाने वालों का यह प्रमुख मार्ग है। सड़क की उखड़ी गिट्टियां इधर-उधर बिखर गई हैं। उपेक्षित मार्ग से अत्यधिक दिक्कत का सामना स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को करना पड़ रहा है। घर से तैयार होकर स्कूल के लिए निकले मासूम अनियंत्रित होकर गिरकर घायल हो जा रहे हैं। साइकिल से स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए स्कूल पहुंचना चुनौती साबित हो रही है। आधा दर्जन गांव को राहत पहुंचाने के लिए बनी सड़क ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। बदहाल पड़ी मार्ग मरम्मत कराने की मांग को लेकर ग्रामीण विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर अवगत करा रहे हैं। लेकिन विडंबना ही है कि इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों की माने तो दिन में तो किसी तरह राहगीर गंतव्य तक पहुंच जाते हैं,जबकि रात में इधर से होकर गुजरना जोखिम भरा साबित हो रहा है। साइकिल पर सवार होकर घर से निकले वृद्ध भी गट्टियों में उलझकर गिरकर चोटहिल हो जा रहे हैं। लगभग दो किलोमीटर मार्ग इतना जर्जर हो गया है, कि मानों सड़क का वजूद ही खत्म हो गया है। नवीनीकरण कराने की मांग बार-बार स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही है कि संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। सड़क की मरम्मत करा दी जाए तो जनता को आवाजाही करने में काफी राहत मिलेगी।
0 Comments