पीड़िता शिवा पुत्री श्याम सुंदर ने दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह लगभग सात वर्ष पूर्व सारेश्वर थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी सौरभ पाठक से हुआ था। उनकी एक तीन वर्षीय पुत्री भी है। विवाहिता का आरोप है कि उसका पति सौरभ पाठक, ससुर कुलदीप पाठक, जेठ गौरव और जेठानी शिखा पिछले कई वर्षों से उसे बिना कारण गाली-गलौज कर मारपीट करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं।
महिला ने बताया कि उसने हमेशा पत्नी धर्म का पालन किया, बावजूद इसके पिछले कुछ महीनों से उसका पति और ससुरालीजन उसे और उसकी पुत्री को खर्च तक नहीं दे रहे और धमकियां दे रहे हैं। पीड़िता ने पति पर अन्य महिलाओं से अवैध संबंध होने का भी आरोप लगाया है।
महिला ने पुलिस से अपने और बच्ची की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए पति और ससुरालियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
0 Comments