अछल्दा (औरैया)। अछल्दा थाना क्षेत्र में स्थित माया फिलिंग स्टेशन, प्रेमनगर की प्रोपराइटर नीलम पत्नी स्व. पवन कुमार ने अपने पंप मैनेजर विपिन कुमार उर्फ कल्लू पर करोड़ों रुपये की हेराफेरी और गबन का गंभीर आरोप लगाया है।
प्रोपराइटर नीलम ने बताया कि उनके जेठ प्रशांत कुमार, जो पेट्रोल पंप का संचालन देखते थे, की तबीयत खराब होने के कारण 25 जून 2025 को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। इस दौरान पेट्रोल पंप का पूरा संचालन मैनेजर विपिन कुमार उर्फ कल्लू कर रहा था। आरोप है कि इसी बीच उसने बिक्री की नगदी, स्मार्ट फ्लिप कार्ड से प्राप्त रकम और रजिस्टर समेत अन्य अभिलेख हड़प लिए। कुल मिलाकर करीब ₹16,13,211/- की रकम का गबन कर वह 15 जुलाई 2025 को फरार हो गया।
पीड़िता के अनुसार जब प्रशांत कुमार इलाज के बाद लौटकर पंप पर आए तो वहां मैनेजर नहीं मिला। पड़ताल करने पर पता चला कि वह कई दिनों से नहीं आ रहा था। जब 25 जुलाई को परिजन उसके घर पहुंचे तो वहां मौजूद विपिन के भाई राजवीर उर्फ राजू और पत्नी नीतू ने न केवल गाली-गलौज की बल्कि मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी।
आरोप यह भी है कि मैनेजर ने प्रार्थिनी की आईडी और आरसी लेकर फर्जी स्मार्ट फ्लिप कार्ड बनवाकर सुनियोजित तरीके से रकम हड़पी। इससे पेट्रोल पंप का संचालन पूरी तरह बंद हो गया और प्रतिष्ठा तथा व्यवसाय को भारी क्षति पहुंची।
प्रोपराइटर नीलम ने मामले की शिकायत थाना अछल्दा में की थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर मजबूर होकर उच्च अधिकारियों के समक्ष गुहार लगाई। आखिरकार थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
0 Comments