संवाददाता, अछल्दा (औरैया): कस्बे के नहर बाजार में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर में खेलते समय साड़ी का झूला 10 वर्षीय बालिका के लिए मौत का फंदा बन गया। झूला झूलते वक्त साड़ी उसके गले में कस गई, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, नहर बाजार निवासी गीता देवी की 10 वर्षीय पुत्री जया गुरुवार दोपहर करीब 1:05 बजे घर की चौखट पर साड़ी बांधकर झूला झूल रही थी। खेल-खेल में अचानक साड़ी का फंदा उसके गले में फंस गया और वह झूले पर ही लटक गई। काफी देर तक नीचे न आने पर उसकी 14 वर्षीय बड़ी बहन मानवी ऊपर पहुंची। वहां का दृश्य देखकर वह चीख पड़ी। उसने शोर मचाकर मां को बुलाया।
मां गीता देवी मौके पर पहुंचीं और आनन-फानन में बेटी को नीचे उतारकर संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। जया ने दम तोड़ दिया था। बेटी की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर थाना प्रभारी सुरेश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने घटना को हादसा मानते हुए सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
मासूम की असमय मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है। जिसने भी घटना के बारे में सुना, वह स्तब्ध रह गए
0 Comments