अछल्दा, संवाददाता।
अछल्दा थाना क्षेत्र के तेहराजपुर गांव निवासी 63 वर्षीय जाहर सिंह की सड़क हादसे में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा बीते 6 मई को हुआ था। गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी अछल्दा से सैफई आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर किया गया था, जहां चार दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद रविवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, जाहर सिंह पुत्र डब्बी प्रसाद पेशे से राजमिस्त्री थे। बुधवार को वह मुहम्मदाबाद गांव से पैदल अपने घर तेहराजपुर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात मोपेड चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें सैफई रेफर कर दिया। सैफई में इलाज के दौरान रविवार सुबह उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव तेहराजपुर पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे तीन पुत्र जितेंद्र सिंह, सत्यपाल सिंह और प्रदीप कुमार को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी सिद्धश्री का चार वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
0 Comments