औरैया। जनपद की साइबर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम हुए 102 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन में साइबर थाना टीम द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से विभिन्न स्थानों पर ट्रैकिंग कर मोबाइल बरामद किए।
साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद मोबाइलों में सबसे अधिक 33 मोबाइल Vivo कंपनी के हैं। इसके अलावा 16 Redmi, 14 Oppo सहित अन्य कंपनियों के मोबाइल भी शामिल हैं। सभी मोबाइल धारकों को थाना बुलाकर आवश्यक सत्यापन के बाद उनके फोन वापस सौंपे गए।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका फोन दोबारा मिल सकेगा, लेकिन साइबर थाना पुलिस की सक्रियता से यह संभव हो पाया।
पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें तथा CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे मोबाइल को जल्द ट्रैक कर बरामद किया जा सके।
0 Comments