संवाददाता, अछल्दा।
अछल्दा-हावड़ा रेलमार्ग पर मंगलवार को खजुरियांपुरवा गांव के पास रेलवे ट्रैक किनारे सीआरपीएफ जवान का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने रेलवे लाइन किनारे एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान उपेंद्र राम पुत्र सुरेंद्र राम निवासी खुरा, झारखंड के रूप में की। बताया गया कि मृतक सीआरपीएफ में जवान था।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि जवान की मौत चलती ट्रेन से गिरने के कारण हुई है। घटना अछल्दा रेलवे स्टेशन के पास खंभा संख्या 1115/2 और 1114/2 के बीच की बताई जा रही है।
सूचना पर थाना प्रभारी सुरेश चंद्र व उपनिरीक्षक अरविंद अग्रवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के चाचा के बेटे बबलू पुत्र गोदा राम ने फोटो के आधार पर शव की पहचान की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल जवान किस ट्रेन से गिरा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
0 Comments