औरैया/अछल्दा। अछल्दा थाना पुलिस एवं स्वाट-सर्विलांस टीम ने हत्या के सनसनीखेज मामले का 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मृतक रनवीर सिंह यादव हत्याकांड में उसकी पत्नी विनीता, बेटे हर्ष उर्फ हर्षित तथा रिश्तेदार गुरजीत को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक रनवीर सिंह यादव शराब पीने का आदी था और शराब के लिए लगातार संपत्ति बेचने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। विवाद बढ़ने पर पत्नी व बेटे ने रिश्तेदार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों ने मिलकर रनवीर की कुल्हाड़ी और लोहे के सब्बल से हत्या कर दी। इसके बाद शव को बाइक से ले जाकर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर फेंक दिया, ताकि मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो। आरोपियों ने शव को सड़क पर इस तरह डाला कि कोई वाहन उसके ऊपर से गुजर जाए और हत्या दुर्घटना लगने लगे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, लोहे का सब्बल, खून से सनी टी-शर्ट तथा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है।
अछल्दा पुलिस, स्वाट व सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर तुर्कपुर अंडरपास के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
0 Comments