*संवाददाता : औरैया समाचार | औरैया*
जनपद औरैया में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना दिबियापुर, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में संयुक्त पुलिस टीम थाना दिबियापुर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान कम्प्रेशर बंबा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। समाधान पुरवा और बहादुरपुर के बीच स्थित पुलिया के पास पुलिस और अभियुक्त का आमना-सामना हो गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अभियुक्त के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त हत्या के एक मामले में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
0 Comments