संवाददाता : औरैया समाचार | औरैया
थाना कोतवाली औरैया पुलिस ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से पुलिस वर्दी में फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पुलिस की छवि धूमिल करने और लोगों को भ्रमित करने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कोतवाली औरैया पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 11 जून 2026 को पुलिस टीम ने नारायणपुर निवासी अभिषेक श्रीवास्तव पुत्र अनिल श्रीवास्तव (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी एआई टूल का उपयोग कर पुलिस यूनिफॉर्म में अपनी फोटो तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर रहा था। इससे आमजन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होने के साथ-साथ पुलिस विभाग की छवि भी प्रभावित हो रही थी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, उपनिरीक्षक संजीव कुमार, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल संजीव कुमार शामिल रहे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा फर्जी सामग्री प्रसारित करने से बचें। ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
0 Comments