BREAKING

10/recent/ticker-posts

Auraiya : अजीतमल पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार, 2 लाख रुपये बरामद



सूने मकानों को बनाते थे निशाना, जेवर बेचकर रकम बांटने पहुंचे थे आरोपी
संवाददाता | औरैया
औरैया के अजीतमल थाना पुलिस ने चोरी की वारदातों का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवर बेचकर प्राप्त 2 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में दोनों ने अजीतमल क्षेत्र में कई सूने मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पृथ्वीपुर निवासी कामनी देवी ने 18 अप्रैल को थाना अजीतमल में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ ले गए और 25 हजार रुपये नकद, दो अंगूठियां, पायल, कानों के टॉप्स तथा मंगलसूत्र चोरी कर ले गए। इस संबंध में थाना अजीतमल में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम लगातार संदिग्धों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर 18 जून को दोपहर करीब 1:50 बजे नगला भोज गांव मोड़ के पास घेराबंदी कर पुलिस ने सज्जन सिंह और बृजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने गढ़ा आजाद नगर के दो सूने मकानों तथा पृथ्वीपुर गांव में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी के सोने-चांदी के जेवर बेचकर मिले रुपयों का आपस में बंटवारा करने के लिए वे मौके पर पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी
सज्जन सिंह (26 वर्ष) पुत्र गया प्रसाद राजपूत, निवासी नन्दपुर, थाना दिबियापुर
बृजेश कुमार (25 वर्ष) पुत्र मिजाजीलाल अहिरवार, निवासी निमझना, थाना दिबियापुर
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

0 Comments

close