औरैया। पुलिस अधीक्षक औरैया श्री अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्वाट टीम और थाना बिधूना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपए के इनामी कुख्यात गौ तस्कर को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार स्वाट व बिधूना थाना टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इनामी गौ तस्कर इलाके में किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किया, जिसके दौरान आरोपी घायल हो गया और मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तार तस्कर के पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने टीम को सराहनीय कार्य के लिए प्रशंसा पत्र देने की घोषणा की है।
0 Comments