अछल्दा, औरैया। थाना क्षेत्र के पुरवा खुमान गांव स्थित श्री सीताराम मंदिर में गुरुवार सुबह चोरी की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। अज्ञात चोर मंदिर का गेट खोलकर दानपात्र समेत कई धार्मिक सामान चोरी कर ले गए। सूचना पर डायल 112 पुलिस व थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।
जानकारी के अनुसार मंदिर के महंत राजेंद्र कुमार अवस्थी सुबह करीब 8 बजे चाय-नाश्ता करने अपने घर तेहराजपुर चले गए थे। कुछ देर बाद सुरेन्द्र कुमार अवस्थी भी गांव चले आए। सुबह करीब 10 बजे जब मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे तो मंदिर का गेट खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो दानपात्र से लगभग 700 रुपये नकद, दो घंटे, एक घड़ियाल, दो घंटियां, दुर्गा देवी की धातु की मूर्ति तथा पीतल के बर्तन गायब थे।
घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना विष्णु अवस्थी द्वारा डायल 112 व थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर चोरों की तलाश की जा रही है।
0 Comments