औरैया। जनपद में भीषण गर्मी और हीट वेव चलने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में लोगों से गर्मी से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। प्रशासन ने कहा कि लू और हीट वेव के कारण जनहानि की भी आशंका रहती है, इसलिए आमजन को जागरूक रहना जरूरी है।
जारी एडवाइजरी में लोगों को दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और सिर को गमछा, टोपी या छाते से ढकने की सलाह दी गई है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी, छाछ, लस्सी, नींबू पानी और ओआरएस का सेवन करने को कहा गया है।
प्रशासन ने बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि घरों की खिड़कियों और दरवाजों पर पर्दे लगाकर रखें ताकि गर्म हवा अंदर न आए। अधिक कमजोरी, सिर दर्द, चक्कर या उल्टी जैसी समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा लोगों को चाय, कॉफी और शराब जैसे पेय पदार्थों से दूरी बनाने तथा तेज धूप में अधिक मेहनत या व्यायाम न करने की हिदायत दी गई है। वाहन में बच्चों और पालतू जानवरों को अकेला न छोड़ने की भी अपील की गई है।
0 Comments