मकर संक्रांति पर अछल्दा में जगह-जगह हुआ प्रसाद वितरण
अछल्दा। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर अछल्दा क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। नेविलगंज, हरीगंज, नहर बाजार और सराय बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग प्रकार का प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया।
नेविलगंज
नेविलगंज स्थित आशुतोष धाम मंदिर , शिव मंदिर श्री राम मंदिर परिसर में मकर संक्रांति के अवसर पर सब्जी-पूड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में स्थानीय लोगों का सहयोग सराहनीय रहा।
हरीगंज
हरीगंज बाजार में हनुमान मंदिर पर मकर संक्रांति पर खिचड़ी वितरण का आयोजन किया गया। ठंड के मौसम में गर्म खिचड़ी पाकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बाजार में आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों ने भी प्रसाद ग्रहण किया।
नहर बाजार
नहर बाजार में खिचड़ी के साथ-साथ चाय और कॉफी का वितरण किया गया। सुबह से दोपहर तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। ठंड के मौसम को देखते हुए चाय-कॉफी की व्यवस्था लोगों को काफी पसंद आई।
सराय बाजार
सराय बाजार में पंचमुखी मंदिर पर मकर संक्रांति के अवसर पर खिचड़ी वितरण किया गया। आयोजन में स्थानीय व्यापारियों और समाजसेवियों ने सहयोग किया। श्रद्धालुओं और राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण कर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
मकर संक्रांति के इन आयोजनों ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
0 Comments