औरैया। पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अजीतमल पुलिस, एसओजी व सर्विलांस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने एक अंतरजनपदीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8.210 किलोग्राम चरस बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 41 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 फरवरी 2026 की रात्रि थाना अजीतमल पुलिस व एसओजी/सर्विलांस टीम शांति व्यवस्था के दृष्टिगत गश्त व संदिग्ध व्यक्ति/वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फूलपुर फूटा कुआं से टोल होते हुए सुरायंदा ओवरब्रिज की ओर जाते समय बालाजी होटल के पास हाईवे पर एक संदिग्ध व्यक्ति कपड़े का थैला लिए दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर वह खड़े ट्रक की आड़ में छिपने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने थैले में चरस होने की बात स्वीकार की।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी अजीतमल मनोज कुमार गंगवार मौके पर पहुंचे। उनके निर्देशन में सुबह करीब 5:51 बजे अभियुक्त दामोदर प्रसाद पुत्र परसादी लाल निवासी दौकेली थाना मत्सेना जनपद फिरोजाबाद (उम्र लगभग 45 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से कुल 8.210 किलोग्राम चरस बरामद की गई।
गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध थाना अजीतमल में मु0अ0सं0 48/26 धारा 8/20 स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना अजीतमल ललितेश नारायण त्रिपाठी व प्रभारी स्वाट/सर्विलांस सेल उपनिरीक्षक समित चौधरी अपनी टीम के साथ शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
0 Comments